Tuesday, 12 September 2017

पन्ना -कलेक्ट्रेट में सुनी गयी 265 आवेदकों की समस्याएं 
पन्ना | 12-सितम्बर-2017
 
 
  आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए सप्ताह के प्रत्येक मंगलवार को विकासखण्ड स्तर तक के कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है। जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शासन के निर्देशानुसार जनसुनवाई तथा सीएम हेल्पलाईन पोर्टल का एकीकरण कर दिया गया है। कलेक्टर के निर्देशन में जनसुनवाई आवेदनों को ऑनलाईन दर्ज किया जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह समय सीमा बैठक में इन प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की जाती है। इसी कड़ी में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर अनिल खरे ने 265 आवेदन पत्रों में सुनवाई कर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
   जनसुनवाई में आमजनता द्वारा उपचार सहायता राशि, परिवार सहायता राशि, प्रधानमंत्री आवास, कूप निर्माण, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, खाद्यान्न पात्रता पर्ची, बिजली बिल, बीपीएल में नाम जोडे जाने, सीमांकन, नामांतरण, भूअर्जन, मुआवजा दिलाने आदि से संबंधित आवेदन पत्र प्रस्तुत किए गए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर अभिषेक सिंह ठाकुर, परियोजना अधिकारी जिला पंचायत चन्द्रसेन सिंह, कार्यपालन यंत्री विद्युत मंडल ओ.पी. सोनी, जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी ओ.पी. दुबे, तहसीलदार पन्ना श्रीमती बबीता राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पन्ना सुश्री तपस्या जैन सहित अन्य अधिकारियों ने भी आवेदनों पर सुनवाई की।
   जनसुनवाई में आवेदक सीताराम ओमरे निवासी धाम मोहल्ला ने सिविल सर्जन द्वारा प्रमाण पत्र बनाने में आनाकानी करने की शिकायत की। उसने बताया कि रीड की हड्डी के प्रायवेट अस्पताल में आपरेशन के लिए सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। उन्होंने प्रमाण पत्र जारी करवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। बेवा सुन्नत बाई निवासी ग्राम भटिया तथा बेवा हमीदा निवासी किशोरगंज मोहल्ला ने पति की आकस्मिक मृत्यु उपरांत परिवार सहायता राशि दिलवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। आवेदिका कली बाई निवासी बेनीसागर ने बताया कि उनकी जमीन पर श्यामलाल, अमृत, रतनलाल आदि द्वारा कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने कब्जा हटाकर जमीन वापस दिलाने के लिए आवेदन दिया। आवेदक ठाकुर प्रसाद भाट निवासी रामबाग टिकुरिया मोहल्ला पन्ना ने बताया कि घनश्याम भाट एवं उसके परिवार द्वारा घर के सामने कचरा डाला जाता है। मना करने पर गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही है। झूठी रिपोर्ट दर्ज कर प्रकरण में फसवाने की धमकी भी अनावेदकों द्वारा दी जा रही है। उन्होंने अपनी तथा परिवार की जानमाल की रक्षा के लिए प्रार्थना करते हुए आवेदन दिया।
   जनसुनवाई में आवेदक अनिल कुमार गुप्ता निवासी माधोगंज ने भू-अभिलेखों में नाम दर्ज कराए जाने एवं भू-अधिकार पुस्तिका दिलाने के लिए आवेदन दिया। हेतराम चौधरी निवासी टौराह ने बताया कि उसका 2 वर्षीय पुत्र बॉबी राज गंभीर बीमारी से पीडित है। पेट में वायी ओर अंदर मबाद बनने से गलन हो रही है। अस्सी हजार रूपये का कर्ज लेकर ईलाज कराया गया था लेकिन कोई आराम नही मिला। उन्होंने बच्चे के ईलाज के लिए शासन द्वारा सहायता दिलाए जाने हेतु आवेदन दिया। ग्राम चनेनी के समस्त ग्रामवासियों ने ग्राम का विस्थापन शीघ्र कराए जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक प्यारे पाल निवासी बीरा ने अपनी आराजी का सीमांकन करवाने के लिए तहसीलदार अजयगढ को निर्देशित करने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। वृद्धा सुकरतिन कोरी निवासी छतैनी ने गरीबी रेखा में नाम जोडे जाने एवं वृद्धा पेंशन का लाभ दिलाए जाने के लिए आवेदन किया। सदर अहले सुन्नत जमात पन्ना रिजवान मोहम्मद ने धरम सागर तालाब चौपरा में ताजिया विसर्जन का स्थान खालीकर बडा बनवाए जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदक नत्थूलाल यादव निवासी सिलधरा ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अन्तर्गत पुत्री के विवाह की शेष राशि दिलाने के लिए आवेदन दिया।

No comments:

Post a Comment

लमती नाला पुल निर्माण से आसान हुआ सफर "खुशियों की दास्तां"

जिलें की हटा तहसील मुख्यालय के मड़ियादो-चोरईया मुख्य मार्ग के बीच लमती नाला पुल के निर्माण से अब इस क्षेत्रवासियों को छतरपुर और टीकमगढ़ सहित ...