Monday, 18 September 2017

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

दशहरा एवं मोहर्रम पर्व पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से व्यवस्थित की जायेगी-जिला मजिस्ट्रेट डॉ.शर्मा 
आपसी भाईचारे के साथ मनाये जायेंगे दशहरा और मुहर्रम, शांति समिति की बैठक सम्पन्न 
दमोह | 18-सितम्बर-2017
    
   जिले में दशहरा एवं मोहर्रम पर्व मनाये जाने के संबंध में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. श्रीनिवास शर्मा की अध्यक्षता में आज शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया दशहरा एवं मोहर्रम पर्व शांति और सद्भावना तथा भाईचारे के साथ मनाया जायेगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल भी मौजूद थे। जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस दौरान सोशल मीडिया आदि के माध्यम से ऐसे मैसेज जिससे शांति और कानून व्यवस्था, भाईचारा बिगड़ने पर संबंधित के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
   जिला मजिस्ट्रेट डॉ.शर्मा ने कहा जिला प्रशासन पूर्व वर्षो की भांति दशहरा एवं मोहर्रम पर्व पर व्यवस्थाएं सुचारू रूप से व्यवस्थित की जायेगी। इस पुनीत कार्य में समिति सदस्यों का पूर्ण सहयोग अपेक्षित है। आने वाले पर्वो में नवरात्रि, दशहरा एवं मोहर्रम पर्व पर सम्पूर्ण नगर में बिजली, पानी, विशेष सफाई व्यवस्था तथा कानून एवं स्वास्थ्य व्यवस्था, प्रतिमा एवं जवारे विसर्जन और करबला स्थल पर होमगार्ड के तैराक मोटर बोट सहित समुचित व्यवस्था दुरूस्त रखी जायेगी। उन्होंने समिति से सुप्रीम कोर्ट की गाईड लाईन का पूर्णत: पालन करने का आग्रह किया। अखाड़ों में परम्परागत हथियार यथा पटा, बनेटी, चक्र, लाठी प्रतिबंधित नहीं है इसके साथ ही अखाड़ों के चिन्हित पूजन वाले हथियार पर भी प्रतिबंध नहीं है, किन्तु हथियार लेकर चलना पूर्णत: प्रतिबंधित है।
   बैठक में रामदल जुलूस 28 सितम्बर को, रावण दहन कार्यकम 29 सितम्बर तथा दशहरा चल समारोह 30 सितम्बर को मनाये जाने कार्यक्रम तय किये गये। इसी प्रकार मोहर्रम त्यौहार 21 सितम्बर को चाँद देखने के बाद कार्यक्रम तय किया जायेगा, साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि गत वर्ष सभी समाजों द्वारा लिये गये निर्णय के मुताबिक कार्यक्रम मनाये जायेंगे। समिति के सदस्य एडवोकेट गजेन्द्र चौबे, श्री खान और कैप्टिन वाधवा और पूर्व विधायक आनंद श्रीवास्तव ने कहा पर्व हम सबके है, इसे भाईचारे के साथ पूर्व वर्षो के अनुरूप मनायेंगे।
   उन्होंने दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुये आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिये तीन एम्बूलेंस, फुटेरा तालाब, पुराना थाना एवं कंट्रोल रूम में रखने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिये। उन्होंने कहा एम्बूलेसों में डाक्टर एवं कर्मचारियों की टीम उपकरण एवं दवाई सहित तैनात की जाये।
   उन्होंने प्रतिमा स्थापना समिति को देवी पण्डालों में टेम्प्रेरी कनेक्शन लेने का आग्रह किया। कनेक्शन फायर प्रुफ होना चाहिये जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो इसके लिये विद्युत विभाग एवं नगर पालिका दमोह की संयुक्त मोबाइल टीम बनाई जाये। उन्होंने विद्युत व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश भी दिये। बड़ी देवी मंदिर के दोनों पहुंच मार्गो पर स्ट्रीट लाईट की पर्याप्त व्यवस्था रहे।
   उन्होंने समिति द्वारा दिये गये सुझाव पर नगर पालिका एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों के गढढे भरने के निर्देश दिये। प्रतिमा एवं जवारे विसर्जन स्थल पर पर्याप्त पेयजल, विद्युत व्यवस्था के साथ जनरेटर की व्यवस्था के साथ मार्ग के अतिक्रमण को प्राथमिकता से हटाये जाना सुनिश्चित किया जाये।
   पुलिस अधीक्षक विवेक अग्रवाल ने कहा इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने प्रतिमा स्थापना आयोजकों से आग्रह किया मार्ग किसी भी प्रकार से बाधित न हो। प्रतिमाएं सड़क पर स्थापित नहीं की जायें। उन्होंने समिति सदस्यों को आश्वस्त किया पूर्व वर्षो की भांति इस वर्ष भी समुचित व्यवस्थायें की जायेंगी, निर्धारित समयानुसार भारी वाहनों का नगर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जायेगा।
   जिला मजिस्ट्रेट डॉ. शर्मा ने स्थानीय तहसील ग्राउण्ड पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी को निर्देश दिये।
   समिति सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया रामदल जुलूस प्रत्येक वर्ष की भांति शिवाजी पार्क से प्रारंभ होकर मोरगंज पहुंचेगा, मोरगंज से पुराना थाना, गढ़ी मोहल्ला, चमन चौक, गड़रयाऊ, पठानी मोहल्ला, गौरीशंकर तिराहा से बड़ी देवी प्रांगण में पूजा अर्चना पश्चात जुलूस का समापन होगा। इस दौरान आवारा पशुओं के विचरण, डेयरी मालिकों के पशुओं का नगर में विचरण पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाये जाने का अनुरोध किया गया, तत्संबंध में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा नगर पालिका अधिनियम अंतर्गत कार्यवाही करने नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिये गये।
   इस अवसर पर पूर्व विधायक आनंद श्रीवास्तव, एडीशनल कलेक्टर व्ही.के.देसाई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद दुबे, एडवोकेट गजेन्द्र चौबे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तेजीराम रोहित, पूर्व भाजपा अध्यक्ष विद्यासागर पाण्डे, कैप्टिन वाधवा, आजम खान, अनवर खान, अब्दुल हफीज, कपिल सोनी, मोन्टी रैकवार, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित सम्मानीय शांति समिति के सदस्यगण, गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

लमती नाला पुल निर्माण से आसान हुआ सफर "खुशियों की दास्तां"

जिलें की हटा तहसील मुख्यालय के मड़ियादो-चोरईया मुख्य मार्ग के बीच लमती नाला पुल के निर्माण से अब इस क्षेत्रवासियों को छतरपुर और टीकमगढ़ सहित ...