Wednesday, 20 September 2017

छतरपुर/ नवरात्र पर्व, दशहरा एवं मोहर्रम त्यौहार को शांतिपूर्वक मनाए

शांति पूर्ण तरीके से त्यौहार मनायें : कलेक्टर 
शांति समिति की बैठक सम्पन्न 
छतरपुर | 18-सितम्बर-2017

   आगामी नवरात्र पर्व, दशहरा एवं मोहर्रम त्यौहार को शांतिपूर्वक मनाए जाने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस कण्ट्रोल रूम में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर रमेश भण्डारी एवं पुलिस अधीक्षक विनीत खन्ना ने उपस्थितजनों से शांतिपूर्वक एवं गरिमापूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने हेतु सहयोग करने की अपेक्षा की। कलेक्टर श्री भण्डारी ने संबंधित अधिकारियों को त्यौहार के दौरान शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी को विद्युत व्यवस्था सुधारने एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसी तरह नगर पालिका सीएमओ को स्ट्रीट लाइट दुरूस्त रखवाने तथा अन्य विभागों के सहयोग से शहर की व्यवस्थाएं दुरूस्त कराने के निर्देश दिए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार भी 30 सितम्बर को दशहरा के दिन रात्रि 9 बजे तक रावण दहन कर लिया जाएगा। इसके पूर्व सायं 3 बजे से जुलूस निकलना प्रारंभ होंगे। इस बार रावण दहन की जिम्मेदारी अन्नपूर्णा समिति को दी गई है। दशहरा के अगले दिवस 1 अक्टूबर को राज्याभिषेक एवं भरत मिलाप कार्यक्रम सम्पन्न होगा। इसके बाद इसी दिन मुस्लिम धर्मावलंबियों के त्यौहार मोहर्रम के अवसर पर ताजिया विसर्जन किया जाएगा।
    एसपी श्री खन्ना ने कहा कि त्यौहार के दौरान सुनिश्चित किया जाए कि कहीं पर भी अश्लीलता पूर्ण गाने नहीं बजें। शांति समिति के सदस्य त्यौहार के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें एवं किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना थाने में अवश्य दें। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक द्वारा गस्त इंचार्ज की जानकारी आयोजन समितियों को अनिवार्य रूप से दें। त्यौहार के दौरान साउण्ड सिस्टम का उपयोग निर्धारित समय पर करें एवं 45 डेसीबल से अधिक साउण्ड न हो। आयोजन समितियां अपने पदाधिकारियों की जानकारी थाने में अनिवार्य रूप से दें। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग से विधिवत कनेक्षन लेकर ही दुर्गा पंडालों में लाइट का उपयोग करें। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश प्रजापति, जिपं सीईओ हर्ष दीक्षित, एडीएम डी.के. मौर्य, एएसपी बी.के. सिंह परिहार सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

लमती नाला पुल निर्माण से आसान हुआ सफर "खुशियों की दास्तां"

जिलें की हटा तहसील मुख्यालय के मड़ियादो-चोरईया मुख्य मार्ग के बीच लमती नाला पुल के निर्माण से अब इस क्षेत्रवासियों को छतरपुर और टीकमगढ़ सहित ...